उत्तराखंड की बेटी अमेरिका में बनी असिस्टेंट प्रोफेसर, डीएम चम्पावत मनीष कुमार ने किया सम्मानित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। जनपद अल्मोड़ा के तहसील भिकियासैंण के ग्राम कुन्हील की होनहार बेटी आयुश्री भावे ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और अटूट संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान स्थापित करते हुए अमेरिका की प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर का पद प्राप्त किया है।

आयुश्री की इस उल्लेखनीय सफलता पर जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार ने उन्हें विशेष रुप से सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सीमित संसाधनों और पर्वतीय परिस्थितियों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तथा प्रयास निरंतर हों, तो विश्व के किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आयुश्री भावे आज प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं।

जिलाधिकारी ने आयुश्री को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने आयुश्री की माता भावना को भी सम्मानित किया। वह वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज, देवीधुरा में प्रभारी प्रधानाचार्या के रुप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी पुत्री के व्यक्तित्व निर्माण, शिक्षा एवं संस्कारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आयुश्री भावे ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय विद्यालयों से प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने भीमताल से बी-फार्मा तथा जयपुर से एम-फार्मा की शिक्षा प्राप्त की। अपनी प्रतिभा और अथक परिश्रम के बल पर उन्होंने जीआरपी जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर अमेरिका में यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

आयुश्री केवल शिक्षा और शोध के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि कला एवं संगीत के क्षेत्र में भी समान रुप से प्रतिभाशाली हैं। फार्माकोलॉजी विषय पर उनकी पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने फाइन आर्ट एवं संगीत में भी डिग्री प्राप्त कर बहुआयामी प्रतिभा का परिचय दिया है।

जनपदवासियों ने आयुश्री की इस उपलब्धि को चम्पावत और उत्तराखण्ड के लिए गर्व का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मालूम हो कि आयुश्री भावे के पिता किशोर चन्द्र विकास खंड सल्ट के वल्ला नया डुंगरा के वर्तमान में क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। उनकी बेटी की इस सफलता पर विधायक सल्ट महेश जीना, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, श्रम राज्य मंत्री कैलाश पंत सहित अखिल शिल्पकार महासंघ दिल्ली व शिल्पकार सेवा समिति भिकियासैंण के समस्त पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय राजनीतिक दलों ने उन्हें ढेरों बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

वहीं उनके मूल निवास ग्राम कुन्हील (भिकियासैंण) में लोगों का बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *