प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गिनाईं मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां।

अल्मोड़ा। सर्किट हाउस अल्मोड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जनपद अल्मोड़ा के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला।

प्रभारी मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि वर्ष 2014 से शुरु हुई यह यात्रा केवल शासन परिवर्तन की नहीं, बल्कि विकास, सुशासन, सेवा और जनविश्वास की नई कार्यसंस्कृति स्थापित करने की यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में देश ने अनेक क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करते हुए वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

डॉ. रावत ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में आधारभूत ढांचे के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, रेलवे नेटवर्क, हवाई अड्डों, मेट्रो सेवाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेनों, अमृत भारत स्टेशन योजना तथा भारतनेट परियोजना जैसी पहलें विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रुप में उभरा है। राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा जनभागीदारी आधारित अभियानों ने देश को नई पहचान प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रुप में स्थापित करना है और इसी उद्देश्य को लेकर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा।

इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *