भिकियासैंण में 8 माह बाद भी आपदा पीड़ितों को नहीं मिली राहत राशि, प्रशासनिक लापरवाही पर रोष।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण में प्रशासनिक लापरवाही के चलते आपदा प्रभावित लोगों को पिछले 8 महीनों से राहत राशि नहीं मिल पाई है। जबकि शासन द्वारा बारिश से प्रभावित लोगों के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है, इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने से पीड़ितों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बताया जा रहा है कि जो आपदा राहत राशि 4-5 माह पहले ही प्रभावितों तक पहुंच जानी चाहिए थी, वह अब तक वितरित नहीं की गई है। इस संबंध में जब सामाजिक कार्यकर्ता नंदन सिंह बिष्ट नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और जानकारी लेनी चाही, तो अधिशासी अधिकारी को ही इस बात की स्पष्ट जानकारी नहीं थी कि तहसील से प्राप्त प्रभावितों की सूची पर क्या कार्रवाई की जानी है।

तहसील कार्यालय से पत्र संख्या 02/रा०/आपदा क्षति/2025 दिनांक 08 अक्टूबर 2025 के माध्यम से भेजी गई सूची पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस लापरवाही के चलते प्रभावित लोगों को मुआवजा नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सामाजिक कार्यकर्ता नंदन सिंह बिष्ट ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत भिकियासैंण एवं उप जिलाधिकारी भिकियासैंण को लिखित शिकायत सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को जल्द से जल्द राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो जनांदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *