उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की बैठक में द्विवार्षिक अधिवेशन की तैयारियों पर हुई चर्चा।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के अल्मोड़ा कार्यालय में 01 जून 2026 एवं 02 जून 2026 को रामनगर में आयोजित होने वाले द्विवार्षिक अधिवेशन की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से बड़ी संख्या में रामनगर पहुंचने की अपील की गई।

पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने कहा कि वर्तमान घोर अवसरवाद के दौर में उपपा ही एकमात्र क्षेत्रीय पार्टी है, जो राज्य की मूल अवधारणा के लिए कार्य कर रही है तथा जनसंघर्षों में सक्रिय भागीदारी निभा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यवस्था परिवर्तन के लिए लगातार कार्यरत है।

बैठक में नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले पर भी गहरा रोष व्यक्त किया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि एक ओर एनटीए जैसी संस्था युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर उन्हें मानसिक एवं सामाजिक संकट की ओर धकेल रही है और उनकी जान से खेल रही है, वहीं दूसरी ओर संवैधानिक पदों पर बैठे जिम्मेदार लोगों द्वारा बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

पार्टी ने द्विवार्षिक अधिवेशन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं शुभचिंतकों से अधिक से अधिक सहयोग और भागीदारी की अपील की।

बैठक में पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष आनंदी वर्मा, महासचिव एडवोकेट नारायण राम, मोहम्मद शाकिब, वसीम, दया कृष्ण कांडपाल, एडवोकेट गोपाल राम, किरण आर्या, भारती पांडे, ममता जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *