बरी हुए मामलों की समीक्षा को लेकर जनपद स्तरीय समिति की बैठक, अभियोजन मजबूत करने पर जोर।
अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले तीन माह के दौरान न्यायालय द्वारा निस्तारित मामलों की समीक्षा की गई। विशेष रुप से उन प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिनमें आरोपियों को बरी किया गया है।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ऐसे मामलों में आई कमियों का विश्लेषण करना तथा भविष्य में अभियोजन पक्ष को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा, ताकि न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान प्रकरणवार समीक्षा करते हुए साक्ष्य संकलन, विवेचना की गुणवत्ता तथा न्यायालय में प्रस्तुतिकरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विवेचना को मजबूत बनाएं तथा साक्ष्यों के संकलन में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालय में मामलों की प्रभावी पैरवी के लिए ठोस रणनीति अपनाई जाए, जिससे आरोपियों के बरी होने की घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक में प्रोग्राम ऑफिसर सुनीता भट्ट, डीजीसी क्रिमिनल तथा क्षेत्राधिकारी बलवंत रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










