भरोसे की आड़ में लाखों की विद्युत केबिल चोरी, चौखुटिया पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा।

फरार सब-कॉन्ट्रैक्टर गिरफ्तार, ₹5 लाख कीमत की 06 बंडल विद्युत केबिल बरामद।

चौखुटिया (अल्मोड़ा)। भरोसे की आड़ में कंपनी में कार्य कर रहे एक सब-कॉन्ट्रैक्टर ने लाखों रुपये मूल्य की विद्युत केबिल चोरी कर ली। चौखुटिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना का सफल खुलासा कर करीब ₹5 लाख कीमत की 06 बंडल विद्युत केबिल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना का विवरण:
दिनांक 31 जुलाई 2026 को वासुदेव चिलकोटी पुत्र चंद्रमणि चिलकोटी, निवासी जनपद चम्पावत, मैनेजर मैसर्स एस.जे. ट्रांसफॉर्मर्स एल.एल.पी., आगापुर, रामपुर ने कोतवाली चौखुटिया में तहरीर देकर बताया कि उनकी कंपनी द्वारा मासी-चौखुटिया क्षेत्र में विद्युत लाइनों को बंच केबिल में परिवर्तित करने का कार्य किया जा रहा है।

दिनांक 29 जुलाई 2026 को कार्यस्थल का निरीक्षण करने पर विद्युत केबिल के 06 ड्रमों में से काफी मात्रा में केबिल चोरी होना पाया गया। उक्त कार्य सब-कॉन्ट्रैक्टर रंजीत पुत्र यादराम को दिया गया था, जिसकी घटना में संलिप्तता की आशंका थी। घटना के बाद से रंजीत बिना सूचना के कार्यस्थल से फरार था।

तहरीर के आधार पर कोतवाली चौखुटिया में एफआईआर संख्या-17/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक सचेन्द्र यादव के सुपुर्द की गई।

पुलिस की कार्रवाई:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर मामले का संज्ञान लेते हुए चोरी की घटना का शीघ्र अनावरण एवं नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने प्रभावी सुरागरसी-पतारसी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए शनिवार को सूचना मिलने के मात्र 24 घंटे के भीतर अभियुक्त रंजीत को कोतवाली चौखुटिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब ₹5 लाख कीमत की चोरी की गई 06 बंडल विद्युत केबिल बरामद की गई।

अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त:
रंजीत पुत्र यादराम, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम यूसुफपुर नगलिया करनपुर, थाना पकवाड़ा, जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)

पुलिस टीम में:
● उपनिरीक्षक सचेन्द्र यादव, कोतवाली चौखुटिया
● अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह कोरंगा, कोतवाली चौखुटिया
● कांस्टेबल संदीप कुमार, कोतवाली चौखुटिया
● कांस्टेबल राजेश भट्ट, एसओजी अल्मोड़ा शामिल रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *