राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी में विश्व पृथ्वी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार के परिसर में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विज्ञान क्लब व इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा ‘हमारी शक्ति हमारा ग्रह’ विषय पर लेख व कविता के माध्यम से प्रतिभाग किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा शिफा द्वारा एक कविता प्रस्तुत की गई। बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा सुष्मा टम्टा द्वारा पृथ्वी दिवस की शुरुआत कैसे और क्यों हुई, इस पर अपने विचार व्यक्त किए गए। तदुपरांत छात्रा मंजू रुवाली व शगुन टम्टा द्वारा कविता के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए गए।
प्राध्यापक वर्ग में डॉ. सुरेश चंद्र जोशी, डॉ. रीमा आर्य एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. दीप चंद पांडे द्वारा पृथ्वी को संरक्षित करने हेतु अपने-अपने विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. भारती बहुगुणा (समन्वयक विज्ञान क्लब) ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. गौरव जोशी (कंप्यूटर विज्ञान) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने आशीर्वचन के रुप में मानवजनित प्रदूषण से संबंधित जानकारी छात्र-छात्राओं को दी तथा प्रत्येक छात्र-छात्रा पृथ्वी संरक्षण में कैसे अपना योगदान दे सकते हैं, इस विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के उपरांत महाविद्यालय प्रांगण की वाटिका में हरित पादपों का विद्यार्थियों, शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों द्वारा जलपोषण किया गया।
कार्यक्रम में सभी प्राध्यापकगणों सहित शिक्षणेत्तर कार्मिक व अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










