नीली बत्ती लगी कार में घूम रहा था फर्जी I.B. अधिकारी, रौब दिखाने के लिए साथ रखी थी एयरगन।
नैनीताल पुलिस की सघन चेकिंग में फर्जी I.B. आईडी, दस्तावेज, नीली बत्ती लगी कार और एयरगन बरामद।
हल्द्वानी (नैनीताल)। जनपद नैनीताल में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन तथा वाहनों की सघन चेकिंग के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में दिनांक 12 सितंबर 2026 को थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी।
तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या UP25CS9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती तथा “भारत सरकार” का बोर्ड लगा हुआ था। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की।
चालक ने स्वयं को I.B. Officer बताते हुए एक आईडी कार्ड प्रस्तुत किया। उसने अपना नाम मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया।

पुलिस द्वारा उसके पद एवं नियुक्ति से संबंधित जानकारी मांगे जाने पर वह सकपका गया और संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। आईडी कार्ड एवं दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह होने पर पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी में हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा:
वाहन के डैशबोर्ड से पुलिस ने फर्जी I.B. आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती लगी हुंडई कार तथा कार पर लगा “भारत सरकार” का बोर्ड बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रौब दिखाने के उद्देश्य से उसने एयरगन अपने पास रखी थी। उसने यह भी बताया कि उसके पास मौजूद I.B. आईडी कार्ड एवं संबंधित दस्तावेज फर्जी हैं।
पुलिस जाँच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी द्वारा कपटपूर्वक स्वयं को I.B. अधिकारी/जवान प्रदर्शित करने के उद्देश्य से फर्जी आईडी कार्ड एवं दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया जा रहा था।
मामले में थाना हल्द्वानी पर मु. FIR संख्या 315/2026 के अंतर्गत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर युवक को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
मो. मोहासिब खान पुत्र मो. अयूब खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश
अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
पुलिस टीम में:
● उ.नि. कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव
● कानि. मो. अजहर
● कानि. सुनील टम्टा शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस का संदेश:
नैनीताल पुलिस ने कहा कि जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन चेकिंग लगातार जारी है। फर्जी पहचान, सरकारी पद का दुरुपयोग अथवा पुलिस/सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने वालों के विरुद्ध नैनीताल पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




