दो दिवसीय ककलासों महोत्सव में उत्तराखण्ड लोक संस्कृति की रही धूम, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक।

सुप्रसिद्ध लोक गायक शिव दत्त पंत के नेतृत्व में कलाकारों ने बांधा समां, स्वास्थ्य शिविर और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी रही आकर्षण का केंद्र।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा जनपद के विकासखंड भिकियासैंण स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चौनलिया के खेल मैदान में ककलासों एकता मंच द्वारा आयोजित दो दिवसीय ककलासों महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर लोक कलाकारों एवं स्कूली बच्चों ने मंच पर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति को मूर्त रुप में प्रस्तुत किया। महोत्सव में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।

शनिवार सायंकाल महोत्सव का शुभारंभ करते हुए विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने ककलासों एकता मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति का विश्व में विशिष्ट और अद्वितीय स्थान है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने अगले वर्ष महोत्सव को और अधिक भव्य स्वरुप देने का भी आश्वासन दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद उत्तराखण्ड के सुप्रसिद्ध लोकगायक शिव दत्त पंत के निर्देशन में कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। मंच पर शिव दत्त पंत, विशन सिंह हरियाला, पन्नू गुसाईं, दीपा पंत, श्रवण भारद्वाज तथा दुर्गा सिंह बिष्ट सहित अनेक कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

महोत्सव में लोकगायिका दीपा पंत की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति “पहाड़ क ठंड पाणी छोड़नी नी लगानी” को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में कुमाऊँनी और गढ़वाली लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की विशेष धूम रही। वहीं, उत्तराखण्ड लोकसंस्कृति विभाग अल्मोड़ा की टीम ने छोलिया नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को और अधिक रंगीन बना दिया। देर शाम तक चले कार्यक्रम में दर्शक लोकधुनों पर थिरकने को मजबूर हो गए।

ककलासों एकता मंच के अध्यक्ष बलराज सिंह नेगी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिव दत्त पंत ने किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दिगम्बर सिंह, किरण पाण्डेय, गिरीश कड़ाकोटी, कुबेर सिंह कड़ाकोटी, दर्शन कड़ाकोटी, एन.आर. आर्या, कुन्दन प्रकाश, दिवान चन्द्र, मोहनी देवी, कविता भंडारी, सुंदर सिंह, कमल ध्यानी, दिवान भंडारी, संजय डोर्बी, मदन कठायत, रोहित भण्डारी, गौरव पंत, सतीश नेगी, अक्षत नैनवाल, मोहन सिंह बिष्ट, वरुण सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

महोत्सव के दौरान सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी गई। नोएडा से पहुंची स्वास्थ्य टीम ने दोपहर तक जरुरतमंद लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित कीं। वहीं परिसर में स्वयं सहायता समूहों तथा ग्रामोत्थान परियोजना से जुड़े महाकालेश्वर स्वायत्त सहकारिता के विभिन्न महिला समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में क्षेत्रीय उत्पादों को लोगों ने खूब पसंद किया और जमकर खरीदारी की। परियोजना के ब्लॉक समन्वयक दीपक शर्मा एवं महिला समूहों की सदस्यों ने उपस्थित लोगों को ग्रामोत्थान परियोजना की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *