हल्द्वानी से रामनगर तक राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य का भव्य स्वागत, बोले—समर्पित कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत।

मालधनचौड़ से हल्द्वानी, रामनगर, छोई और कालाढूंगी तक हुआ अभिनंदन, सांसद ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का जताया आभार।

हल्द्वानी/रामनगर (नैनीताल)। राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद पहली बार गृह जनपद नैनीताल पहुंचे दिनेश आर्य का रविवार को हल्द्वानी से रामनगर तक भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भव्य स्वागत किया। मालधनचौड़ से लेकर हल्द्वानी, रामनगर, छोई और कालाढूंगी तक विभिन्न स्थानों पर फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच उनका अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रमों के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

हल्द्वानी में स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत भाखड़ा पुल से हुई, जहां शाम करीब चार बजे कार्यकर्ताओं ने दिनेश आर्य का स्वागत किया। इसके बाद वाहन रैली लामाचौड़, फतेहपुर, ब्लॉक, कुसुमखेड़ा, लालडांठ, गुसाई नगर, कालाढूंगी रोड और नैनीताल रोड होते हुए काठगोदाम स्थित शहीद पार्क पहुंची।

रास्ते में भाजपा के विभिन्न मंडलों, मोर्चों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने उनका अभिनंदन किया। अल्पसंख्यक, ओबीसी, अनुसूचित, महिला, किसान और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए।

शहीद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिनेश आर्य ने राज्यसभा की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गौरव के साथ जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व भी है, जिसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से करेंगे।

उन्होंने कहा कि वह पिछले चार दशकों से भाजपा से जुड़े हैं। इस दौरान उन्हें वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन और हजारों कार्यकर्ताओं का स्नेह मिला है। आज वह जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें कार्यकर्ताओं की मेहनत, विश्वास और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

दिनेश आर्य ने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। वह कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखते हुए उत्तराखंड के विकास और जन आकांक्षाओं से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का प्रयास करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने दिनेश आर्य को राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए उनके संगठनात्मक अनुभव को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया।

हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिला प्रभारी विवेक सक्सेना, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी भुवन जोशी, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी, दायित्वधारी सुरेश भट्ट, देवेंद्र ढैला, शांति मेहरा, दीपक मेहरा, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, हरीश पांडे, जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, प्रताप बोरा, प्रतिभा जोशी, बेला तोलिया, संजीव कुंवर और रवींद्र बाली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके बाद रामनगर, छोई और कालाढूंगी क्षेत्र में भी दिनेश आर्य का स्वागत किया गया। रामनगर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, किसान आयोग के सदस्य संजय डौर्वी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री दिनेश मेहरा, जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, जगमोहन सिंह बिष्ट, सत्यप्रकाश शर्मा, पृथ्वी सिंह रावत, भगीरथ लाल चौधरी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट, भावना भट्ट, भूपेंद्र खाती और मदन जोशी सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।

मीडिया से बातचीत में दिनेश आर्य ने क्षेत्रीय लोगों और कार्यकर्ताओं से मिले स्नेह एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उनके राज्यसभा सांसद बनने से नैनीताल जिले सहित उत्तराखंड के विभिन्न जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *