सोमनाथ स्वाभिमान पर्व विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा के लिए अल्मोड़ा से 40 श्रद्धालुओं का दल रवाना।

अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के अंतर्गत रविवार रात्रि अल्मोड़ा से 40 चयनित श्रद्धालुओं का दल देहरादून के लिए रवाना हुआ। अल्मोड़ा रोडवेज बस स्टेशन से यात्रा दल को विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट तथा मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अल्मोड़ा से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से आए 40-40 श्रद्धालुओं का समागम होगा। इसके उपरांत हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से पवित्र जल से भरे जल कलश भी सोमनाथ धाम भेजे जाएंगे।

यह विशेष निःशुल्क धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा हर्रावाला (देहरादून) से गुजरात स्थित पवित्र तीर्थ सोमनाथ तक विशेष ट्रेन के माध्यम से संचालित की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा चयनित यात्रियों के लिए वातानुकूलित (एसी) रेल यात्रा, आवास, भोजन तथा स्थानीय परिवहन की समस्त व्यवस्था निःशुल्क की गई है।

यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों, जिनमें महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा पेशेवर, स्वयंसेवक, सीमांत क्षेत्रों के नागरिक, कलाकार, स्ट्रीट वेंडर, गिग वर्कर्स, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी तथा अन्य जनसेवा से जुड़े लोग शामिल हैं, को सहभागी बनाया गया है। इसका उद्देश्य समाज के विविध वर्गों को देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *