राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस।

शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का समापन हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे ध्वजारोहण के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ललन प्रसाद वर्मा द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा सभी उपस्थित जनों ने वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।

स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर डाला प्रकाश:
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेंद्र चंद्र पांडे तथा डॉ. छत्र सिंह कठायत ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश के वीर शहीदों के त्याग, बलिदान एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय पर्वों को केवल औपचारिकता के रुप में नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बोध के साथ मनाने का आह्वान किया।

काव्य प्रस्तुतियों से जगाई देशभक्ति की भावना:
इस अवसर पर डॉ. दीपिका आर्या एवं डॉ. वसुंधरा लसपाल ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना का संचार किया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने उपस्थित छात्राओं को राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान की प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित:
डॉ. लक्ष्मी मनराल ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सप्ताह भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा की तथा कार्यक्रमों को सफल बनाने में सहयोग देने वाले महाविद्यालय परिवार एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से उत्साह का माहौल:
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा किया गया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधनों तथा देशभक्ति गीतों की झलकियों के माध्यम से पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। कार्यक्रम में छात्राओं ने भी देशभक्ति गीतों, भाषणों एवं अपने विचारों की प्रस्तुति देकर सक्रिय सहभागिता निभाई।

तिरंगा यात्रा निकालकर दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश:
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसके माध्यम से राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं जन-जागरुकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, अतिथिगण तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *