बदलती विश्व व्यवस्था में भारत की विदेश नीति का प्रभाव विषय पर संगोष्ठी आयोजित।
मालधनचौड़ (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय मालधनचौड़ के राजनीति विज्ञान विभाग में “बदलती विश्व व्यवस्था में भारत की विदेश नीति का प्रभाव” विषय पर एकदिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं रिसोर्स पर्सन के रुप में जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय संबंधों एवं कूटनीतिक मामलों के विशेषज्ञ (सेवानिवृत्त) प्रोफेसर स्वर्ण सिंह उपस्थित रहे।
प्रोफेसर सिंह ने विस्तारपूर्वक संपूर्ण विश्व के परिदृश्य को वर्तमान नजरिए से देखने और बदलती वैश्विक स्थितियों के संदर्भ में भारत की विदेश नीति की सराहना की। उन्होंने अपने व्याख्यान में अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा की तथा आंकड़ों सहित भारत की विदेश नीति पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।
संगोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों ने उनसे विचारोत्तेजक प्रश्न पूछे। प्रोफेसर सिंह ने विद्यार्थियों की सभी शंकाओं का बारीकी से समाधान भी किया।
महाविद्यालय की ओर से प्रोफेसर (डॉ.) अनुपमा तिवारी ने प्रोफेसर सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। संगोष्ठी का संयोजन राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर प्रियदर्शन ने किया।
संगोष्ठी के अंत में प्रोफेसर जी. सी. पंत ने कहा कि प्रोफेसर सिंह के ग्रामीण अंचल स्थित इस महाविद्यालय में आकर विद्यार्थियों को वर्तमान परिदृश्य में अंतरराष्ट्रीय राजनीति, कूटनीति और विदेश नीति से जुड़े विषयों पर व्याख्यान देने से विद्यार्थियों सहित संपूर्ण महाविद्यालय परिवार लाभान्वित हुआ है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुशीला सूद ने प्रोफेसर सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. पी.के. निश्चल, प्रदीप चंद्र, दीपा पांडे, नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारी सहित सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






