कुमाऊं परिक्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग अभियान, आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने किया रात्रि औचक निरीक्षण।

नैनीताल। “सतर्कता हमारी ड्यूटी नहीं, हमारी प्रतिबद्धता है — अपराध पर प्रहार, जनता को भरोसा हर बार।” इसी संकल्प के साथ कुमाऊं परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु विशेष सघन चेकिंग एवं आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

दिनांक 12/13 फरवरी 2026 की देर रात्रि पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल द्वारा जनपद नैनीताल सहित परिक्षेत्र के विभिन्न नाकों, पुलिस बैरियरों एवं चौकी क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

स्वयं आईजी ने संभाली कमान:
निरीक्षण के दौरान आईजी ने स्वयं वाहनों की चेकिंग की, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कराया तथा ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की।

नाकों एवं बैरियरों पर आगंतुकों और वाहनों की आवाजाही से संबंधित रजिस्टरों का परीक्षण किया गया, जिसमें अभिलेख संधारण में कई कमियां पाई गई। इस पर संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से अभिलेख अध्यावधित कर पूर्ण विवरण सहित एक दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

सीसीटीवी खराब पाए जाने पर कड़ी आपत्ति:
निरीक्षण के दौरान कुछ चौकी क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए, जिनकी सूचना उच्चाधिकारियों को नहीं दी गई थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए स्पष्ट किया गया कि निगरानी तंत्र में किसी भी प्रकार की ढिलाई अस्वीकार्य है। सभी कैमरों की कार्यशीलता तत्काल सुनिश्चित करने एवं अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बीट बुक एवं वायरलेस की अनिवार्यता:
गश्त पर तैनात कुछ कर्मचारियों के पास बीट बुक/ई-बीट बुक एवं वायरलेस सेट उपलब्ध न होने पर घोर आपत्ति व्यक्त की गई। निर्देशित किया गया कि —
● प्रत्येक गश्ती कर्मचारी के पास बीट बुक अथवा ई-बीट बुक अनिवार्य रुप से हो।
● क्षेत्र में किए गए सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों एवं आगंतुकों का पूरा विवरण नियमित रुप से अंकित किया जाए।
● गश्ती ड्यूटी के दौरान वायरलेस सेट से सतत संपर्क एवं सूचना संप्रेषण सुनिश्चित किया जाए।

आईजी कुमाऊं ने स्पष्ट किया कि नाके, बैरियर, सीसीटीवी निगरानी एवं बीट प्रणाली पुलिसिंग की आधारभूत और अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ियां हैं। इनमें शिथिलता पाए जाने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई:
चेकिंग अभियान के दौरान कई ओवरलोड वाहनों को सीज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

समस्त जनपदों में आकस्मिक निरीक्षण:
आईजी के निर्देशन में परिक्षेत्र के समस्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारीगण द्वारा अपने-अपने जनपदों में नाकों एवं चौकी क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई तथा सुरक्षा, गश्त प्रणाली एवं संचार तंत्र की समीक्षा कर दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कर्तव्य के प्रति सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध रहने हेतु प्रेरित किया गया।

रात्रि गश्त एवं स्कूल समय विशेष निर्देश:
आईजी कुमाऊं द्वारा निर्देशित किया गया कि रात्रि गश्त से पूर्व पुलिस बल को विधिवत ब्रीफ कर चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर रणनीतिक तैनाती सुनिश्चित की जाए।

साथ ही यह संज्ञान में आया कि प्रातः स्कूल खुलने एवं सायंकाल छुट्टी के समय कुछ स्थानों पर यातायात जाम तथा बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों द्वारा चिंता व्यक्त की गई है। इस पर समस्त जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि स्कूल समय में विशेष पुलिस टीम गठित कर प्रभावी गश्त एवं पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात सुचारु रहे एवं छात्र-छात्राओं में सुरक्षा का विश्वास सुदृढ़ हो।

आमजन से अपील:
कुमाऊं परिक्षेत्र पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *