बासोट में पिंजरे में फंसा तेंदुआ, वन विभाग ने किया रेस्क्यू।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण के ग्राम बासोट में पिछले दो सप्ताह से क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था। तेंदुए की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग मोहान की टीम ने बासोट क्षेत्र में पिंजरा लगाया था।
बीती मंगलवार रात तेंदुआ वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में फंस गया। इसके बाद ग्रामीणों ने रात में ही वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई।
ग्राम प्रधान बासोट शिवानी भंडारी ने बताया कि पिछले करीब दो सप्ताह से क्षेत्र में तेंदुए के आतंक के चलते ग्रामीण चिंतित थे। तेंदुए ने बासोट बाजार क्षेत्र के कई कुत्तों को अपना शिकार बनाया था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई, जिस पर विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया था।
पिंजरे में तेंदुए के फंसने और वन विभाग द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




