अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर की महिलाओं की खुशी गम में बदली, मीना उप्रेती की गमगीन माहौल में हुई अंत्येष्टि।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण में स्थित एकमात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मानकों के अनुसार सुविधाओं और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में सनराइज कॉन्वेंट स्कूल भिकियासैंण में कार्यरत 55 वर्षीय शिक्षिका तथा प्रतिष्ठित जलेबी व्यवसायी दिनेश उप्रेती की धर्मपत्नी मीना उप्रेती ने बीते शनिवार दुनिया को अलविदा कह दिया।
एक ओर रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश भर में आयोजित गोष्ठियों और कार्यक्रमों में सरकारी नुमाइंदे महिला सशक्तिकरण के लाखों दावे कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। इसकी वास्तविकता का यह एक उदाहरण है कि शनिवार सुबह मीना को उनके सदर बाजार स्थित आवास में दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण ले गए, जहां एक भी स्पेशलिस्ट डॉक्टर की तैनाती नहीं होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन कुछ ही दूरी पर मीना ने दम तोड़ दिया।
मीना उप्रेती सरल, सौम्य और हंसमुख स्वभाव की थी। उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति के प्रति उनका विशेष रुझान था और नगर के स्थानीय त्योहारों में वे महिलाओं के साथ बढ़-चढ़कर भाग लेती थी। आज रविवार सुबह अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन उप्रेती निवास पर अंतिम दर्शन के लिए नगर की महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नम आँखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की खुशी गम में बदल गई।
साथ ही ब्लॉक सभागार में आयोजित महिला दिवस पर सम्मान समारोह कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया। दिवंगत मीना की भिकियासैंण बाजार स्थित उप्रेती आवास से शुरु हुई शव यात्रा रामगंगा घाट पहुंची, जहां उनके पुत्र ओमी उप्रेती ने अपनी माँ को गमगीन माहौल में मुखाग्नि दी। इस दौरान माहौल अत्यंत भावुक हो गया। अंत्येष्टि में नगरवासी, क्षेत्र के विभिन्न संगठनों के लोग, व्यापारी, सगे-संबंधी, शिक्षक आदि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मीना उप्रेती अपने पीछे पति दिनेश उप्रेती और पुत्र ओमी उप्रेती को छोड़ गई हैं। उनके असामयिक निधन पर श्रम संविदा बोर्ड अध्यक्ष उत्तराखण्ड कैलाश पंत, प्रवासी प्रकोष्ठ परिषद उत्तराखण्ड के उपाध्यक्ष पी.सी. नैलवाल, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष भिकियासैंण दीपक बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष महिपाल बिष्ट आदि ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









