बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि: नैनीताल पुलिस ने हिमाचल से तीन बालिकाओं को किया सकुशल बरामद।
CCTV और सर्विलांस से मिला सुराग, चोरगलिया से बद्दी तक पहुंची पुलिस टीम; बेटियों की घर वापसी से परिजनों के चेहरों पर लौटी खुशी।।
नैनीताल। महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नैनीताल पुलिस द्वारा गुमशुदा महिलाओं एवं बालिकाओं की तलाश के लिए लगातार प्रभावी और त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चोरगलिया क्षेत्र से गुम हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने कड़ी मेहनत, तकनीकी निगरानी, CCTV फुटेज और सर्विलांस की मदद से हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
स्कूल जाने के लिए निकली थीं तीनों बालिकाएं:
दिनांक 18 सितंबर 2026 को चोरगलिया निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी दो पुत्रियां सुबह करीब 7 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा स्कूल एवं आस-पास तलाश करने पर पता चला कि दोनों बालिकाएं स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। जाँच में यह भी सामने आया कि एक अन्य बालिका भी उनके साथ गई थी। तीनों में दो नाबालिग और एक बालिग शामिल थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज:
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में तत्काल FIR No. 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। गुमशुदा बालिकाओं की तलाश के लिए जनपद के सभी थानों एवं DCRB नैनीताल को सूचना प्रसारित की गई। इसके साथ ही RT सेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक सूचना साझा कर बालिकाओं की तलाश तेज की गई।
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने लिया तत्काल संज्ञान:
महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए तीनों बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा एवं SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार बालिकाओं की तलाश शुरु की।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग:
पुलिस टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर सहित विभिन्न स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। CCTV फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ जाती हुई दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी निगरानी एवं सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने उनकी लोकेशन को लगातार ट्रेस किया।
चोरगलिया से हिमाचल के बद्दी तक पहुंची पुलिस:
लगातार किए गए प्रयासों और तकनीकी निगरानी के परिणामस्वरुप 24 सितंबर 2026 को नैनीताल पुलिस ने तीनों बालिकाओं को हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर चली गई थीं। पुलिस जाँच और पूछताछ के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी की बात सामने नहीं आई। तीनों बालिकाएं सुरक्षित एवं सकुशल मिलीं।
काउंसलिंग के बाद पूरी की गई विधिक प्रक्रिया:
बरामदगी के बाद पुलिस द्वारा तीनों बालिकाओं की काउंसलिंग की गई। नाबालिग बालिकाओं को BNSS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए प्रस्तुत कराया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद तीनों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटियों के सकुशल लौटने पर परिजनों के खिले चेहरे:
कई दिनों से अपनी बेटियों की तलाश में परेशान परिजनों को जब नैनीताल पुलिस ने उनके सकुशल बरामद होने की सूचना दी तो उनके मायूस चेहरों पर खुशी लौट आई।
बालिकाओं को सकुशल अपने बीच पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और लगातार किए गए प्रयासों के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में:
● तारा सिंह राणा, थानाध्यक्ष चोरगलिया
● उ.नि. गौरव जोशी, थाना लालकुआं
● अ.उ.नि. मनजीत सिंह, थाना चोरगलिया
● कानि. मुस्तफा अंसारी, थाना चोरगलिया
● कानि. भूपेन्द्र ज्येष्ठा, एसओजी नैनीताल
● म.का. सुमन राणा, थाना चोरगलिया शामिल रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






