हल्द्वानी डकैती कांड का एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने किया बड़ा खुलासा।
हथियारों के बल पर करीब 08 लाख की डकैती, 02 नकाबपोश आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल-तमंचे समेत 08 जिंदा कारतूस और लूटी गई धनराशि बरामद।
हल्द्वानी (नैनीताल)। दिनांक 19 अगस्त 2026 को सायं डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों द्वारा लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया है। उक्त सूचना पर तत्काल उच्चाधिकारीगणों को सूचित किया गया तथा कोतवाली हल्द्वानी से पुलिस बल को घटनास्थल गोरापड़ाव के लिए रवाना किया गया।
08 लाख रुपये, मोबाइल व सोने के आभूषण लूटने की तहरीर:
दिनांक 19 अगस्त 2026 को वादी मुकदमा नारायण दास पुत्र रोशन लाल निवासी अम्बा बिहार तीनपानी, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल द्वारा तहरीर दी गई कि 10 अज्ञात हथियारबंद अभियुक्तों द्वारा KIA शोरुम के पीछे स्थित वादी के ऑफिस/गैराज, गोरापड़ाव तीनपानी में डकैती डालकर वादी व उसके परिचितों के लगभग 08 लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन तथा 03 सोने की चेन व अंगूठी आदि लूट लिए गए।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मु. एफ.आई.आर. नं. 284/26, धारा 310(2) बीएनएस बनाम 10 अज्ञात बंदूकधारियों के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सुपुर्द की गई।
करीब 50 अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष टीम गठित:
उक्त डकैती की घटना का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए घटना के शीघ्र अनावरण एवं संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगभग 50 अधिकारियों/कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई।
टीम में डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल, मनोज कत्याल, एसपी हल्द्वानी, अमित कुमार सैनी, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी लालकुआं व विभिन्न थाना प्रभारी, SOG, साइबर टीम एवं क्राइम स्पेशलिस्ट को शामिल किया गया।
BDS डॉग स्क्वायड एवं क्राइम सीन विशेषज्ञ को घटनास्थल की विभिन्न कोणों से गहन जाँच के लिए लगाया गया। स्वयं एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया गया। घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना का रिव्यू लिया गया तथा अधीनस्थों एवं गठित पुलिस टीमों को अलग-अलग टास्क एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
CCTV एवं सर्विलांस से 02 संदिग्ध पुलिस की पकड़ में आए:
गठित पुलिस टीमों द्वारा सुरागरसी/पतारसी एवं विवेचना के दौरान वादी तथा गवाहों के बयान लिए गए। घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV कैमरों एवं सर्विलांस का बारीकी से अवलोकन किया गया।
जाँच के दौरान घटना में प्रकाश में आए दो संदिग्ध व्यक्तियों वंशप्रीत सिंह व रखवीर सिंह को पूछताछ हेतु कोतवाली हल्द्वानी लाया गया।
जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए बनाई डकैती की योजना:
पूछताछ के दौरान संदिग्ध व्यक्ति वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखबीर सिंह ने बताया कि वे किच्छा निवासी यश सिडाना से मिले थे। उसने बताया कि वह लाखों का जुआ हारने के कारण आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और उसकी माता का भी स्वास्थ्य खराब चल रहा था।
यश सिडाना ने बताया कि हल्द्वानी के गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर लाखों का जुआ खेला जाता है। इसके बाद उन्होंने मिलकर डकैती की योजना बनाई और लूटी हुई रकम से यश द्वारा जुए में हारी हुई रकम की भरपाई करने तथा शेष रकम को आपस में बांटने की बात तय हुई।
इसके पश्चात इन्होंने अन्य लोगों को सम्मिलित किया और घटना से पूर्व घटनास्थल की रैकी करना शुरु कर दिया। इसके उपरांत अभियुक्तों ने वादी के कार्यालय में नकाबपोश बनकर हथियारों के दम पर योजनाबद्ध तरीके से डकैती की घटना को अंजाम दिया तथा नकदी, सोने की चेन और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
लूटी हुई रकम आपस में बांटकर सभी अपने-अपने ठिकानों को चले गए। साथ ही लूटे हुए मोबाइलों को रास्ते में ही फेंक दिया, जिससे डिजिटल फुटप्रिंट्स न मिल सकें।
दोनों अभियुक्तों को उनके जुर्म से अवगत कराते हुए गिरफ्तार किया गया।
मुकदमे में बढ़ाई गई धाराएं:
बरामदगी के आधार पर मुकदमा उपरोक्त में धारा 61(2) व 317(3) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। अपराध को संगठित तरीके से कारित करने के आधार पर बीएनएस के नए प्रावधानों के अंतर्गत भी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें आजीवन कारावास से मृत्यु दंड तक का प्रावधान है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
1- वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू पुत्र सुखपाल सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी विथा अकबर, सितारगंज, जनपद उधम सिंह नगर
2- रखवीर सिंह पुत्र हरविन्दर सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी ईश्वरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश
बरामदगी में:
● वंशप्रीत सिंह से: ₹31,000/- एवं 04 जिंदा कारतूस
● रखवीर सिंह से: ₹35,000/- एवं एक तमंचा 315 बोर, जिसमें 04 जिंदा कारतूस
इस प्रकार दोनों अभियुक्तों से कुल ₹66,000/- की धनराशि एवं 08 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही रखवीर सिंह से 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया गया।
अभियुक्त रखवीर सिंह का आपराधिक इतिहास:
■ FIR No. 80/23, धारा 120बी, 147, 148, 149, 307, 323, 506 भादवि, थाना केलाखेड़ा
■ FIR No. 169/23, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, थाना केलाखेड़ा
■ FIR No. 231/24, धारा 109, 115(2), 190, 191(2), 191(3), 351(2), 352 BNS व 25 आर्म्स एक्ट, थाना दिनेशपुर
■ FIR No. 478/25, धारा 109, 125, 190, 191(2), 191(3), 351(2), 352, 61 BNS व 25(1)(बी) आर्म्स एक्ट, थाना रुद्रपुर
■ FIR No. 258/23, धारा 323, 427, 436, 504, 506 भादवि, थाना नानकमत्ता
अभियुक्त वंशप्रीत का आपराधिक इतिहास प्राप्त किया जा रहा है।
पुलिस टीम को ₹2,500/- के इनाम से किया पुरस्कृत:
घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु एसएसपी नैनीताल द्वारा ₹2,500/- के इनाम से पुरस्कृत किया गया।
पुलिस टीम में:
थाना पुलिस टीम, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम स्पेशलिस्ट, BDS/डॉग स्क्वायड एवं क्राइम सीन विशेषज्ञ शामिल रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल













