माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव में नैनीताल पुलिस की मानवीय पहल, 86 लोगों को पहुंचाई मदद।
खोया-पाया केंद्र ने 57 बिछड़ों को मिलाया अपनों से, 29 लोगों का लौटाया खोया सामान।
नैनीताल। ऐतिहासिक एवं धार्मिक माँ नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव-2026 में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सहायता और सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में मेले में सुरक्षा का मजबूत पहरा रखने के साथ पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की मदद और सेवा में भी जुटे हैं।
मेले के प्रारंभ से अब तक खोया-पाया केंद्र एवं कंट्रोल रुम के प्रयासों से कुल 86 लोगों को सहायता प्रदान की गई। इनमें अपने परिवार से बिछड़े 10 बुजुर्गों और 47 बच्चों सहित कुल 57 लोगों को उनके परिजनों से मिलाया गया, जबकि 29 लोगों का खोया हुआ सामान बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द किया गया।
बरामद सामान में पर्स, चाबी, मोबाइल, नगदी, बैग एवं अन्य वस्तुएं शामिल हैं। अपनों से मिलकर और अपना सामान वापस पाकर श्रद्धालुओं के चेहरों पर लौटी खुशी नैनीताल पुलिस की सेवा और संवेदनशीलता को दर्शाती है।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, संदिग्धों पर नजर; अधिकारियों ने व्यापारियों का भी बढ़ाया उत्साह:
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायज़ा ले रहे हैं। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का मनोबल भी बढ़ाया जा रहा है।
मेले में सादे वस्त्रों में पुलिस टीमों को तैनात किया गया है, जो संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार नज़र रख रही हैं। संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ एवं सत्यापन किया जा रहा है, ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।
कंट्रोल रुम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को अपने सामान की स्वयं सुरक्षा करने तथा छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरुक किया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की भी अपील की जा रही है।
खोया-पाया केंद्र की टीम में तैनात एएसआई किरण गोस्वामी, एएसआई जगजीवन सिंह, हेड कांस्टेबल नीलम एवं हेड कांस्टेबल निहाल लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं को जागरुक करने के साथ बिछड़े परिजनों और खोए सामान को उनके स्वामियों तक पहुंचाने में जुटे हैं।
स्थानीय एवं दूर-दराज से पहुंचे व्यापारियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने भी मेले में खरीदारी की। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य अधिकारियों द्वारा खरीदारी किए जाने से व्यापारियों का मनोबल बढ़ा। पुलिस की इस पहल से महोत्सव में सुरक्षा के साथ-साथ सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का संदेश भी देखने को मिला।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






