सल्ट में शहीद दिवस व शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सल्ट का शहीद दिवस, जिसे आम भाषा में ‘सल्ट का बारदोली’ भी कहा जाता है, ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ आम जनता के क्रांतिकारी संघर्ष की याद दिलाता है।

भारत छोड़ो आंदोलन से प्रेरित होकर सल्ट के क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज बुलंद की थी। तत्कालीन ब्रिटिश अधिकारी जॉन्सन के आदेश पर आंदोलनकारियों पर गोली चलाई गई, जिसमें चूड़ामणि, बहादुर सिंह मेहरा, गंगाराम और खीमानंद शहीद हो गए थे। इन्हीं वीर शहीदों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को सल्ट में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

इस अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाता है।

शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को स्मृति चिह्न एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय क्वैरला के प्रधानाध्यापक शिव कुमार सिंह, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कालीगांव की प्रधानाध्यापिका अनीता कड़ाकोटी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय भीताकोटखाल के सहायक अध्यापक विनोद कुमार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मवंलगांव के प्रधानाध्यापक गोविंद सिंह, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कानेखलपाटी के सहायक अध्यापक पवन कुमार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़कोट के सहायक अध्यापक मंगल सिंह रावत तथा राजकीय इंटर कॉलेज कोटाचामी के प्रवक्ता कामिल हुसैन शामिल रहे।

इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र शाह, समस्त अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने सम्मानित शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री व सांसद अजय टम्टा, सल्ट विधायक महेश जीना, रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल, राज्य पलायन आयोग के सदस्य अनिल शाही तथा एसडीएम रिंकु सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *