स्याल्दे में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम आयोजित, विभिन्न विभागों ने लगाया स्टॉल।

स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत तहसील परिसर स्याल्दे में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सल्ट प्रतिनिधि हरी राम आर्या, ब्लॉक प्रमुख मथुरादत्त और मंडल अध्यक्ष कुन्दन लाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा चार साल में किए गए विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाई गई। स्कूली छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का संचालन सहायक खंड विकास अधिकारी हिम्मत गिरी ने किया।

कार्यक्रम में 12 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें दर्जनों समस्याएं क्षेत्रीय लोगों द्वारा प्रमुखता से रखी गई। आयोजित स्टॉलों में वन विभाग, बाल विकास, एनआरएलएम, खाद्य विभाग, ग्राम पंचायत, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन, ऊर्जा विभाग, जल संस्थान व जल निगम, लघु सिंचाई, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने विभागों द्वारा मिलने वाली योजनाओं के लाभ को सरकार की उपलब्धि के रुप में प्रस्तुत किया।

इस मौके पर नोडल अधिकारी के रुप में उपस्थित जिला अधिकारी याक्षी अरोड़ा, खंड विकास अधिकारी शैलेन्द्र जोशी, नायब तहसीलदार सुनील दत्त सिमल्टी सहित अनेक ग्राम प्रधान व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *