गौ माता के सात नामों के स्मरण से नष्ट हो जाते हैं सारे पाप।
स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नारायण गौ सेवा समिति बिजराण भरसोली द्वारा आयोजित गौ कथा के तृतीय दिवस पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। पूजा-अर्चना आचार्य भानु जोशी द्वारा मुख्य यजमान राजेन्द्र सिंह नेगी एवं उनकी धर्मपत्नी गंगा देवी नेगी, मदन सिंह बंगारी एवं उनकी धर्मपत्नी तुलसी देवी बंगारी तथा पूरन सिंह बंगारी एवं उनकी धर्मपत्नी के माध्यम से संपन्न कराई गई।
तत्पश्चात कथा व्यास आचार्य भास्कर जोशी ने कथा के माध्यम से गौ माता के सात नामों का महात्म्य बताया। उन्होंने कहा कि गौ माता के सात नाम बहुला, समंगा, अकुतोभया, क्षेमा, सख्या, भूयसी व सर्वसहा हैं। इन नामों का गौशाला में स्मरण करने से सारे पाप नष्ट हो जाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के अध्यक्ष दलीप सिंह बंगारी, महेन्द्र सिंह बंगारी, बचें सिंह बंगारी, पूरन सिंह रावत, मनमोहन चौहान आदि जुटे रहे।


