सल्ट पुलिस ने मानिला क्षेत्र में चलाया जनजागरुकता अभियान, ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट पुलिस ने मानिला क्षेत्र में जनजागरुकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को साइबर ठगी एवं विभिन्न अपराधों से बचाव के प्रति जागरुक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के द्वारा समस्त थाना/कोतवाली प्रभारियों को जनपद के स्कूलों, कॉलेजों, नगरों, कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जन-जागरुकता अभियान चलाकर आमजन से संवाद करने, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए त्वरित निस्तारण करने तथा जनता को कानून, सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरुक करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन्हीं निर्देशों के क्रम में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में सल्ट पुलिस टीम द्वारा मानिला क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ जनजागरुकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठग स्वयं को बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ईडी अथवा अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। इसके अलावा फर्जी कॉल, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, लिंक एवं क्यूआर कोड स्कैम, निवेश के नाम पर ठगी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए।

साथ ही ग्रामीणों एवं नागरिकों को एमआरएम (Money Refund Module) के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज होने पर एमआरएम के माध्यम से संबंधित बैंक को तत्काल अलर्ट भेजा जाता है, जिससे ठगी गई धनराशि को फ्रीज़ कर वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरु की जा सके। लोगों से अपील की गई कि साइबर ठगी की स्थिति में शिकायत करने में देरी न करें, क्योंकि शीघ्र शिकायत करने से धनराशि वापस मिलने की संभावना अधिक रहती है।

इसके अतिरिक्त पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों, नवीन कानूनों, महिला एवं बाल अपराधों के संबंध में भी जागरुक किया। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों डायल-112, आपदा हेल्पलाइन-1070, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 तथा मानस हेल्पलाइन-1933 की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने की अपील की।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *