थाना दिवस पर सल्ट पुलिस ने सुनी जनसमस्याएं, मौके पर किया समाधान।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह द्वारा थाना सल्ट में थाना दिवस का आयोजन किया गया। थाना दिवस में थाना क्षेत्र के सीएलजी सदस्य, वार्ड मेंबर, पुलिस पेंशनर, वरिष्ठ नागरिक एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने उपस्थित लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा प्राप्त समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।
शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील:
आगामी विधानसभा सत्र एवं त्योहारों के दृष्टिगत पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन से सहयोग करने की अपील की। साथ ही नागरिकों को प्रेरित किया गया कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरुक:
थाना दिवस के दौरान नागरिकों को किरायेदारों एवं मजदूरों का सत्यापन कराने, साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिला अपराधों की रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरुक किया गया।
इसके साथ ही नागरिकों को नवीन आपराधिक कानूनों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि वे कानूनों के प्रति जागरूक रह सकें और आवश्यकता पड़ने पर उचित कदम उठा सकें।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी:
पुलिस ने नागरिकों को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए जरुरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इनमें शामिल हैं:
■ डायल-112: आपातकालीन पुलिस सहायता
■ महिला हेल्पलाइन-1090: महिलाओं से संबंधित सहायता
■ साइबर हेल्पलाइन-1930: साइबर अपराध से संबंधित शिकायत
■ आपदा हेल्पलाइन-1070: आपदा संबंधी सहायता
थाना दिवस के माध्यम से सल्ट पुलिस ने जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ नागरिकों को सुरक्षा, कानून व्यवस्था और विभिन्न सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरुक करते हुए पुलिस एवं आमजन के बीच समन्वय मजबूत करने का प्रयास किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल








