राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, गौलापार में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण एवं खेलमय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
मार्चपास्ट और मशाल दौड़ के साथ हुआ शुभारंभ:
कार्यक्रम का प्रारंभ छात्र-छात्राओं के आकर्षक मार्चपास्ट से हुआ, जिसमें प्राचार्य एवं उपस्थित अतिथियों ने सलामी ली। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. भुवन मठपाल ने किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहायक निदेशक, उच्च शिक्षा, उत्तराखंड प्रो. गोविन्द पाठक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही पान सिंह मेवाड़ी, मंडल अध्यक्ष, भाजपा गौलापार, नवीन चंद्र जोशी, मंडल महामंत्री गौलापार, कैलाश चंद्र पाठक, संपादक, अमर उजाला, हल्द्वानी तथा क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि अर्जुन सिंह बिष्ट का भी स्वागत किया गया।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. कैलाश चंद्र कलौनी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात महाविद्यालय के पूर्व छात्र सचिन कोश्यारी के नेतृत्व में मशाल दौड़ आयोजित की गई, जिसने प्रतियोगिता के उत्साह को और अधिक बढ़ा दिया।
विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान:
■ प्रतियोगिता के अंतर्गत सर्वप्रथम बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ आयोजित की गई, जिसमें अर्जुन, राजेश एवं नीरज ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में खुशी, लक्ष्मी एवं चंद्रा क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं।
■ बालक वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में अर्जुन, राजेश एवं नीरज ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में खुशी, चंद्रा एवं रिया ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
■ चक्का फेंक प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अर्जुन, राजेश एवं नीरज तथा बालिका वर्ग में खुशी, चंद्रा एवं मंजू ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
■ 200 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में अर्जुन, राजेश एवं नीरज तथा बालिका वर्ग में खुशी, चंद्रा एवं मंजू ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
■ भाला फेंक प्रतियोगिता के बालक वर्ग में अर्जुन, ललित एवं राजेश तथा बालिका वर्ग में चंद्रा, खुशी एवं मंजू ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
■ लंबी कूद प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में लक्ष्मी ने प्रथम, मंजू ने द्वितीय तथा खुशी एवं चंद्रा ने संयुक्त रुप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में अर्जुन, राजेश एवं नीरज क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।
■ 400 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में अर्जुन, राजेश एवं नीरज ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में मंजू, खुशी एवं चंद्रा क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं।
■ इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता के अंतर्गत 800 मीटर दौड़ का भी आयोजन किया गया। बालक वर्ग में राजेश, नीरज एवं आशुतोष ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में मंजू, अंकिता एवं सरिता क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं।
अतिथियों ने खेल भावना और सकारात्मक गतिविधियों के लिए किया प्रेरित:
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि अर्जुन सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
मुख्य अतिथि प्रो. गोविन्द पाठक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं। विद्यार्थियों को खेल प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग करना चाहिए और जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. कैलाश चंद्र कलौनी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ मन का आधार स्वस्थ शरीर है और स्वस्थ शरीर के लिए नियमित व्यायाम एवं खेलकूद अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संगीत, व्यायाम और खेलकूद जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पदक देकर किया सम्मानित:
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एवं अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उत्साह एवं खेलों के प्रति उनकी रुचि विशेष रुप से देखने को मिली।
इस अवसर पर महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. आशीष अंशु, वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. प्रकाश मठपाल, डॉ. महिराज मेहरा सहित अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल








