एसएसपी अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा का स्थानांतरण, भावुक माहौल में पुलिस परिवार ने दी विदाई।
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में सेनानायक पद पर स्थानांतरण होने पर 14 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन अल्मोड़ा सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनपद के समस्त थाना/शाखा प्रभारी, पुलिस लाइन एवं कार्यालय स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रतिसार निरीक्षक रमेश चन्द्र ने किया।
अपने संबोधन में एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने जनपद में लगभग 02 वर्ष 01 माह के कार्यकाल के अनुभव साझा किए और पुलिस अधिकारियों व कर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीम भावना, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ कार्य करने से ही बेहतर परिणाम मिलते हैं। क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा, रानीखेत सहित उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को उन्होंने निष्पक्ष एवं जनोन्मुख पुलिसिंग की प्रेरणा दी।
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति:
कार्यकाल के दौरान जनपद में नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई। 181 तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस के अंतर्गत लगभग 6.5 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए। इसमें 1634 किलोग्राम गांजा, 24 किलोग्राम चरस, 836 ग्राम स्मैक और 1.14 किलोग्राम अफीम शामिल रहे।
साथ ही साइबर अपराधों में ठगी गई लगभग 1.5 करोड़ रुपये की धनराशि पीड़ितों को वापस कराई गई।
‘संडे संकल्प अभियान’ से जुड़ी जनता:
जनपद में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए ‘संडे संकल्प अभियान’ चलाया गया —
● प्रथम रविवार: होटल, ढाबों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन
● द्वितीय रविवार: ऑपरेशन भल छौः
● तृतीय रविवार: सीएलजी, गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और पुलिस पेंशनर्स के साथ गोष्ठी
● चतुर्थ रविवार: थाना परिसर व शस्त्रों की साफ-सफाई
● पंचम रविवार: बड़ा खाना और सामूहिक भोज
इसके अतिरिक्त पुलिस कल्याण के लिए मेडिकल शिविर, खेलकूद प्रतियोगिताएं और परिवारजनों हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों और कॉलेजों में जागरुकता अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
विदाई समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह, सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत, सीओ दूरसंचार राजीव कुमार टम्टा सहित अन्य अधिकारियों ने उनके नेतृत्व, कार्यशैली और जनहित के प्रति समर्पण की सराहना की।
समारोह के अंत में पुलिस परिवार ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वातावरण भावुक रहा और सभी ने नम आँखों से विदाई दी।
अल्मोड़ा पुलिस परिवार ने उनके योगदान को प्रेरणादायी बताते हुए नई जिम्मेदारी के लिए सफलता की कामना की।



