कैंची धाम ड्यूटी में शराब और छेड़छाड़ के आरोपों पर एसएसपी नैनीताल का बड़ा एक्शन, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार।
नशे की पुष्टि के बाद नामजद एफआईआर दर्ज, निलंबन के साथ बर्खास्तगी तक की विभागीय कार्रवाई शुरु।
नैनीताल। कैंची धाम स्थापना दिवस ड्यूटी के दौरान गंभीर अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार के आरोपों में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता अथवा किसी भी प्रकार का आपराधिक कृत्य किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून सबके लिए समान है, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी।
कैंची धाम स्थापना दिवस ड्यूटी में तैनात अपर उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद, थाना केलाखेड़ा (जनपद उधम सिंह नगर) तथा हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, थाना गदरपुर (जनपद उधम सिंह नगर) पर गंभीर अनुशासनहीनता एवं अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों पुलिसकर्मी रात्रि ड्यूटी के दौरान एक होमस्टे में रुके हुए थे। आरोप है कि दोनों ने अत्यधिक शराब का सेवन किया तथा नशे की हालत में होमस्टे संचालक के परिवार की एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती के परिजनों एवं स्थानीय लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट जैसी घटना की जानकारी भी सामने आई है।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। सीओ, एसपी तथा अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जाँच की। जाँच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
स्थानीय लोगों की मौजूदगी एवं वीडियोग्राफी के बीच दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया। अल्कोहल टेस्ट एवं मेडिकल परीक्षण में शराब के सेवन की पुष्टि हुई, जिसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में दोनों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर दी गई है। आरोपित पुलिसकर्मी वर्तमान में पुलिस हिरासत में हैं। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। निलंबन के अतिरिक्त कठोरतम विभागीय कार्रवाई, जिसमें सेवा से बर्खास्तगी तक शामिल है, की प्रक्रिया शुरु की जा रही है। संबंधित पुलिसकर्मियों के मूल जनपद के एसएसपी को भी इस संबंध में रिपोर्ट भेजी गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और किसी भी प्रकार के आपराधिक कृत्य को विभाग कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता, नशाखोरी अथवा किसी भी प्रकार के आपराधिक आचरण पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




