भतरौंजखान पुलिस का सफल सर्च अभियान, जंगल से गुमशुदा महिला को सकुशल किया बरामद।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भतरौंजखान पुलिस ने एक गुमशुदा महिला को सर्च अभियान चलाकर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

घटना —
दिनांक 19 जून 2026 को भिकियासैंण निवासी एक व्यक्ति द्वारा तहरीर देकर बताया गया कि उसकी पत्नी दोपहर करीब 1:30 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना भतरौंजखान में गुमशुदगी दर्ज की गई।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के द्वारा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए गुमशुदा महिला की शीघ्र बरामदगी के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी भिकियासैंण संजय जोशी सहित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आस-पास के जंगलों में कॉम्बिंग सर्च अभियान चलाया।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने आज शनिवार को गुमशुदा महिला को जंगल से बरामद कर लिया। महिला मानसिक रुप से अस्वस्थ होने के कारण रास्ता भटक गई थी और जंगल में अचेत अवस्था में पड़ी हुई मिली।

पुलिस टीम द्वारा महिला का तत्काल रेस्क्यू कर उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद महिला की स्थिति में सुधार आने पर पुलिस ने उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

महिला के सकुशल मिलने पर परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस एवं स्थानीय ग्रामीणों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

पुलिस टीम में:
● उपनिरीक्षक संजय जोशी, चौकी प्रभारी भिकियासैंण
● अपर उपनिरीक्षक महेंद्र पाल
● हेड कांस्टेबल समीम अहमद
● पीआरडी जवान राजेंद्र कुमार शामिल रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *