जिलाधिकारी अल्मोड़ा ने क्वारब में वैकल्पिक डोबा-चौसली मार्ग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण।
राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्य में तेजी लाने हेतु मशीनें एवं कार्यबल बढ़ाने के दिए निर्देश।
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह ने सोमवार को क्वारब में वैकल्पिक डोबा-चौसली बाईपास मार्ग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर वर्षा के बाद मार्गों की स्थिति एवं संचालित कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापार मंडल प्रतिनिधियों के साथ पूरे वैकल्पिक बाईपास मार्ग का निरीक्षण किया तथा मार्ग को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को मुख्य मार्ग के सुधार कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन को शीघ्र सुचारु करने के लिए मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यों की साप्ताहिक प्रगति योजना तैयार कर उसके अनुसार कार्य करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ट्रैफिक की लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों एवं स्थानीय लोगों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने मार्ग निर्माण कार्यों, यातायात संचालन एवं स्थानीय समस्याओं के संबंध में अपनी चिंताओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए हर संभव समाधान करने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्षित गुप्ता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रानीखेत के कर्मचारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



