बिनसर सौनी के पास खाई में गिरा वाहन, दो लोगों की मौत।
रातभर खाई में पड़े रहे शव, मंगलवार को मिली दुर्घटना की जानकारी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड ताड़ीखेत के चमड़खान के निकट तितालीखेत क्षेत्र में एक फोर्ड एंडेवर वाहन संख्या CH01CB5868 के गहरी खाई में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना 22 जून 2026 की रात की बताई जा रही है, जबकि इसकी जानकारी मंगलवार 23 जून 2026 को मिल सकी। आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना सुनसान स्थान पर और रात के समय होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मदन जोशी पुत्र पूरन जोशी निवासी बिठौरिया नंबर-1, घर में किसी बात को लेकर हुई बहस के बाद 22 जून 2026 को शाम करीब 5:30 बजे घर से निकल गए थे। इसके बाद रात लगभग 10:15 बजे उनकी परिजनों से अंतिम बार बातचीत हुई। इसके बाद उन्होंने कोई फोन रिसीव नहीं किया।
अगले दिन 23 जून 2026 को दोपहर के समय रानीखेत क्षेत्र के चमड़खान के निकट तितालीखेत में एक व्यक्ति ने सड़क किनारे टूटा हुआ पैराफिट देखकर संदेह होने पर नीचे खाई में देखा, जहां एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ दिखाई दिया। साथ ही दो शव भी खाई में पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। छानबीन के दौरान एक मृतक की पहचान जीवन चन्द्र पुत्र पूरन चन्द्र, उम्र 49 वर्ष, निवासी बिठौरिया, हल्द्वानी के रुप में हुई, जबकि दूसरे व्यक्ति की शिनाख्त समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी।
पुलिस द्वारा जीवन चन्द्र के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान के लिए पुलिस जाँच में जुटी हुई है।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस दल में एसआई हेमा कार्की, एसआई कैलाश चंद्र, हेड कांस्टेबल राजकुमार, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, होमगार्ड गंगा सिंह, प्रवीण कुमार, आनंद एवं ज्योति सहित एसडीआरएफ तथा राजस्व विभाग की टीम शामिल रही।



