मानिला में रामलीला आयोजन की तैयारियां शुरु, लव-कुश कांड के मंचन पर भी हुई चर्चा।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील भिकियासैंण के मानिला क्षेत्र की सुप्रसिद्ध रामलीला का इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जाएगा। रामलीला रंगमंच समिति की आयोजित आम बैठक में आयोजन को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस वर्ष रामलीला को और अधिक आकर्षक एवं प्रभावशाली बनाने के लिए उत्तरकाण्ड के मंचन तथा सखी नृत्य को नवीन स्वरुप देने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामलीला आयोजन की संभावित तिथि 09 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि मंचन का पूर्वाभ्यास 19 मई 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। मानिला की यह रामलीला रंगमंच का एक जीवंत स्वरुप मानी जाती है, जिसमें दर्शक राम को मंच पर नए आदर्श गढ़ते एवं पुरुषोत्तम बनते हुए देख पाते हैं।

जून माह में आयोजित होने वाली यह संगीतमय रामलीला अपने विशिष्ट मंच कौशल एवं संगीत प्रस्तुति के लिए क्षेत्रभर में प्रसिद्ध रही है। इस वर्ष के आयोजन को लेकर आयोजित आम बैठक की अध्यक्षता उर्वादत्त लखचौरा द्वारा की गई। बैठक में मंच निर्देशन, उत्तरकाण्ड के मंचन, संगीत निर्देशन एवं आयोजन से जुड़े अन्य नए प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र लखचौरा ने कहा कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रामलीला का आयोजन धूमधाम एवं भव्यता के साथ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रामलीला केवल एक सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि एक ऐसी जीवंत परंपरा है, जो राम के आदर्शों को पीढ़ी दर पीढ़ी युवाओं तक पहुंचाने का कार्य करती रही है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *