तड़म गाँव में वन विभाग का रात्रिकालीन निगरानी अभियान जारी, गश्त कर लोगों को किया जा रहा जागरुक।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। मोहान वन क्षेत्र के तड़म गाँव में वन विभाग द्वारा लगातार गश्त लगाकर ग्रामीणों को जागरुक किया जा रहा है। उप प्रभागीय वनाधिकारी काकुल पुंडीर ने बताया कि मोहान वन क्षेत्र अंतर्गत तड़म ग्राम सभा में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए विभाग द्वारा निरंतर निगरानी, गश्त एवं जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीमें क्षेत्र में कैंप कर दिन-रात सक्रिय रुप से निगरानी कर रही हैं तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरुक किया जा रहा है।
वन विभाग की टीम गाँव में घर-घर जाकर लोगों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रही है। साथ ही विद्यालयी बच्चों को वन विभाग के वाहन से सुरक्षित रुप से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भोनखाल तक पहुंचाया गया।
ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन क्षेत्राधिकारी मोहान के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया है। क्षेत्र में सर्च लाइट, फायर उपकरण, वायरलेस सेट एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों के माध्यम से लगातार गश्त की जा रही है। गाँव में जागरुकता पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि लोग वन्यजीवों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रह सकें।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में ट्रैप कैमरे, ड्रोन एवं गश्ती टीमों की सहायता से लगातार निगरानी की जा रही है। अब तक क्षेत्र में 09 पिंजरे लगाए जा चुके हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा वन्यजीव की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



