राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी में “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” विषयक वृत्तचित्र का आयोजन।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्र निर्माण के मूल्यों के प्रति जागरुकता विकसित करने हेतु “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” विषयक एक वृत्तचित्र का अवलोकन करवाया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. भुवन मठपाल ने “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” के संदर्भ में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियों एवं ज्ञानवर्धक तथ्यों से अवगत कराया। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता तथा देश की एकता में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
तत्पश्चात चलचित्र के माध्यम से विद्यार्थियों को “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” का डिजिटल टूर करवाया गया। इसके जरिए विद्यार्थियों को इस विश्व प्रसिद्ध स्मारक की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्ता से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. बसंत नेगी ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा अवसर मिलने पर “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” के प्रत्यक्ष भ्रमण हेतु भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. सुरेश जोशी एवं डॉ. गौरव जोशी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य प्रो. कैलाश कलौनी ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन के विभिन्न प्रेरणादायी आयामों से परिचित कराते हुए “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” की वर्तमान समय में प्रासंगिकता एवं राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. कैलाश कलौनी, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. दीप चंद्र पांडे एवं डॉ. भारती बहुगुणा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अंशुमन शाह, महेश पनेरु तथा अन्य कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



