तत्पर पुलिस कार्रवाई से मिली सफलता, गुमशुदा बालिका को मात्र 05 घंटे के भीतर सकुशल किया बरामद।

द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट क्षेत्र निवासी एक महिला द्वारा कोतवाली द्वाराहाट में सूचना दी गई कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री तड़के लगभग 03:00 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई है। सूचना प्राप्त होते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक द्वाराहाट विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई प्रारम्भ की गई।

पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जाँच, सुरागरसी/पतारसी तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। जाँच के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त बालिका किसी वाहन से हल्द्वानी की ओर गई है।

जिस पर प्रभारी निरीक्षक द्वाराहाट द्वारा त्वरित समन्वय स्थापित करते हुए वाहन का पता लगाया गया तथा कोतवाली भवाली पुलिस को आवश्यक सूचना देकर सहयोग प्राप्त किया गया। तत्पश्चात कोतवाली द्वाराहाट से कांस्टेबल हेमंत सिंह नेगी एवं महिला कांस्टेबल अनीता देवी द्वारा भवाली पहुंचकर बालिका को सकुशल बरामद किया गया।

बालिका को कोतवाली द्वाराहाट लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं काउंसलिंग उपरांत सकुशल उसकी माता के सुपुर्द किया गया।

पुलिस टीम की तत्परता एवं संवेदनशील कार्यवाही की परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *