सौहार्दपूर्ण माहौल में मनेगी बकरीद, नैनीताल पुलिस का हाई अलर्ट मोड ऑन।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक लेकर एरिया डोमिनेशन और सघन चेकिंग के दिए निर्देश।

ड्रोन से होगी अराजक तत्वों पर नजर, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों पर होगी तत्काल वैधानिक कार्रवाई।

हल्द्वानी (नैनीताल)। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान कानून व्यवस्था, सुगम यातायात, सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त सहित सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर रणनीति तैयार की गई।

एसएसपी नैनीताल द्वारा बैठक में दिए गए मुख्य निर्देश —
■ ड्रोन से सतत निगरानी व सुरक्षा बल की तैनाती:
जनपद के सभी भीड़-भाड़ वाले इलाकों, मुख्य मार्गों, सुनसान क्षेत्रों, पार्कों, शॉपिंग मॉल्स, झील, घाटों, बैराजों एवं प्रमुख पर्यटक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इन सभी क्षेत्रों की अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

■ सोशल मीडिया पर पैनी नजर:
जनपद की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम 24×7 सक्रिय रहकर सभी प्लेटफॉर्म्स पर नजर रखेगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक पोस्ट, अफवाह या सांप्रदायिक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

■ यातायात व सीपीयू की मुस्तैदी:
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सीपीयू एवं ट्रैफिक टीमें लगातार मूवमेंट में रहेंगी, ताकि पर्व के दौरान कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

■ एरिया डोमिनेशन एवं गश्त:
समस्त थाना प्रभारी पुलिस बल एवं पीएसी (PAC)/केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ ‘एरिया डोमिनेशन’ एवं गश्त की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने साथ पीए सिस्टम रखने के निर्देश दिए गए हैं।

■ क्लीन स्वीप व धार्मिक स्थलों की सुरक्षा:
सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में स्थित मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों, चर्चों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग एवं ‘क्लीन स्वीप’ की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

■ शॉर्ट नोटिस पर ‘कमरबंदी’ की स्थिति:
जनपद का समस्त पुलिस बल हाई अलर्ट (कमरबंदी) पर रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में शॉर्ट नोटिस पर तत्काल मोर्चे पर तैनात किया जा सके।

■ सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान:
होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, सार्वजनिक स्थलों एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। रात्रि के समय सभी सीओ, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी स्वयं क्षेत्र में रहकर चेकिंग एवं गश्त करेंगे। अनावश्यक भीड़ एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सकुशल आयोजन हेतु निम्नलिखित पुलिस बल तैनात किया गया है —
● एसपी – 03
● सीओ – 04
● SHO/SO – 14
● SI/ASI – 75
● हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल – 254
● पीएसी – 02 कंपनी
● फायर – 05 टीम
● ड्रोन – 04 टीम
● SDRF – 02 टीम

उक्त बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना, क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल गौरव किरार सहित सभी थाना प्रभारी, निरीक्षक अभिसूचना, प्रतिसार निरीक्षक, वाचक, पीआरओ एवं आशुलिपिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *