प्रथम ककलासों महोत्सव को लेकर जोर-शोर से तैयारियां, चौनलिया में सजेगी सांस्कृतिक संध्या।

अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चौनलिया में लोक संस्कृति का रंगारंग उत्सव, सुप्रसिद्ध लोक गायक बिखेरेंगे सुरों का जादू।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। ककलासों एकता मंच द्वारा पहली बार दो दिवसीय भव्य ककलासों महोत्सव 2026 का आयोजन 30 एवं 31 मई 2026 को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चौनलिया में किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 02 बजे से शाम 07 बजे तक आयोजित होगा। वहीं सुबह 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक दिल्ली-नोएडा की चिकित्सकीय टीम द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।

ककलासों महोत्सव के अध्यक्ष बलराज सिंह नेगी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए समस्त ककलासों वासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है।

दो दिवसीय इस सांस्कृतिक महोत्सव में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक शिव दंत पंत के संयोजन में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में लोक गायक पन्नू गुसाईं, श्रवण भारद्वाज, दीपा पंत, महेश कुमार, बिशन हरियाला एवं रमेश बाबू गोस्वामी के साथ-साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे।

आयोजन की विशेष बात यह रहेगी कि ककलासों क्षेत्र के स्कूली बच्चों एवं महिलाओं को भी मंच संचालन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, श्रम राज्य मंत्री उत्तराखंड सरकार कैलाश पंत, मदन मोहन सती सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

महोत्सव में ककलासों पट्टी के 39 गाँवों के जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख भिकियासैंण एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजन को भव्य रुप दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों के लिए भोजन की उचित व्यवस्था विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल द्वारा की जाएगी। वहीं ब्लॉक प्रमुख भिकियासैंण दिगम्बर डंगवाल द्वारा आयोजन में विशेष सहयोग दिया जा रहा है।

पहली बार ककलासों पट्टी में आयोजित हो रहे इस दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग बेसब्री से कार्यक्रम के शुभारंभ का इंतजार कर रहे हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सुंदर डंगवाल, गिरीश कड़ाकोटी, मदन कठायत, दिगम्बर डंगवाल, किशना नंद पंत, नीमा कड़ाकोटी, किरण पांडे सहित हजारों ककलासों वासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *