बकरीद त्योहार को लेकर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने संभाला मोर्चा, नैनीताल जनपद की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।

ग्राउंड जीरो पर उतरकर पुलिस बल को किया ब्रीफ, ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी।

हल्द्वानी (नैनीताल)। बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। एसएसपी ने जनपद के संवेदनशील इलाकों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने शांति व्यवस्था भंग करने वाले और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने ड्यूटी के दौरान आम नागरिकों और नमाजियों के साथ पुलिस का व्यवहार शालीन, सहयोगात्मक और मददगार बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि सुरक्षा के साथ-साथ आपसी विश्वास और सौहार्द का माहौल कायम रहे।

इसके अलावा मिश्रित और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सघन पेट्रोलिंग और रुट मार्च करने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल समेत सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराने में जुटे हुए हैं।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *