ककलासों महोत्सव में लोक संस्कृति की छटा, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चौनलिया के प्रांगण में ककलासों एकता मंच द्वारा आयोजित भव्य दो दिवसीय ककलासों महोत्सव का प्रथम दिवस का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। ककलासों पट्टी के इस प्रथम महोत्सव का उद्घाटन रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल एवं सुप्रसिद्ध लोक गायक शिव दत्त पंत व ककलासों एकता मंच के अध्यक्ष बलराज सिंह ने अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि अल्मोड़ा विभाग की टीम ने पारंपरिक छोलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके पश्चात लोक गायक शिव दत्त पंत, बिशन हरियाला, पन्नू गोसाईं एवं दीपा पंत ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों से समां बांध दिया।
महोत्सव के दौरान लोक गायक दुर्गा सिंह एवं अन्य लोकगीतों की एल्बमों का लोकार्पण किया गया। साथ ही धारा बल्लभ पांडे द्वारा लिखित पुस्तक “माँ ममता और माटी” तथा कुबेर सिंह कड़ाकोटी द्वारा अपने पुत्र की स्मृति में लिखी गई पुस्तक “यादों में कर्मयोगी संजय” का भी विमोचन किया गया।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र में संस्कृति, परंपराओं एवं विकास के प्रति जागरुकता बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में रीप द्वारा संचालित आजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं नोएडा से आई चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।
ककलासों एकता मंच के अध्यक्ष बलराज नेगी ने बताया कि क्षेत्र की बोली, भाषा, रीति-रिवाज एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा क्षेत्र के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन शिव दत्त पंत ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दिगंबर डंगवाल, कनिष्ठ प्रमुख किरण पांडे, अनेक ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और महोत्सव का आनंद लिया।



