बिनसर महादेव मंदिर सौनी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 112 मरीजों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सपनों की आशा संस्थान के तत्वाधान में उजाला सिग्नस हॉस्पिटल, हल्द्वानी की टीम के सहयोग से बिनसर महादेव मंदिर, सौनी में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के प्रथम दिवस में 112 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जाँच एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का उद्घाटन गुरुवार को श्री श्री 108 महंत गोवर्धन गिरी महाराज, व्यास जी, बिनसर महादेव कमेटी सौनी के सदस्य पृथ्वी पाल सिंह रौतेला तथा सपनों की आशा संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रुप से किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के रक्तचाप (बीपी), शुगर, फेफड़ों से संबंधित बीमारियों एवं नेत्र रोगों की जाँच की गई। उजाला सिग्नस हॉस्पिटल के फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशुल केड़िया, डॉ. प्रदीप तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हरिंद्र ने अपनी टीम के साथ मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।
दो दिवसीय शिविर के पहले ही दिन 112 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। क्षेत्रवासियों ने सपनों की आशा संस्थान की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी बताया।
शिविर के संचालन में सपनों की आशा संस्थान की ओर से कमल लोहनी, सीईओ घनश्याम पंत, लीला लोहनी, जगदीश चंद्र, प्रीतेश लोहनी एवं अग्रिम पंत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में रानीखेत के विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक करगेती, सामाजिक कार्यकर्ता राम सिंह जमनाल, आनंद कड़ाकोटी, चंदन बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर शिविर को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।



