रेड अलर्ट: उत्तराखंड में अगले 24 घंटे बेहद भारी बारिश का खतरा, 10 जुलाई को कई जिलों में स्कूल बंद।

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक मानसून का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने अगले 24 घंटे को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी से बेहद भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनज़र प्रशासन ने एहतियातन कई जिलों में 10 जुलाई 2026 को विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया है।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई 2026 को हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल, चमोली, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

मालूम हो कि प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड में औसतन 52.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर इससे कहीं अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।

सबसे अधिक 206 मिलीमीटर वर्षा काशीपुर में दर्ज की गई, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में जलभराव, सड़कें क्षतिग्रस्त होने, बिजली आपूर्ति बाधित होने तथा नदी-नालों के उफान पर आने की घटनाएं सामने आई हैं।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अपने ‘सचेत’ एप के माध्यम से उत्तराखंड के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। चेतावनी के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके चलते संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक जलभराव, मलबा आने तथा छोटे नालों के उफान पर आने का खतरा बना हुआ है।

बारिश का सबसे अधिक असर प्रदेश की सड़क व्यवस्था पर पड़ा है। राज्यभर में 195 सड़कें बंद होने की सूचना है। इनमें कई प्रमुख ग्रामीण संपर्क मार्ग तथा पर्वतीय सड़कें शामिल हैं। सड़कें बंद होने से अनेक गाँवों का जिला मुख्यालयों से संपर्क टूट गया है। कई जिलों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। तेज बारिश और भूस्खलन के कारण बिजली के खंभे तथा लाइनें क्षतिग्रस्त होने से कई गाँवों और कस्बों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है।

इसी क्रम में जनपद अल्मोड़ा के तहसील भिकियासैंण क्षेत्र में भी बीती रात से लगातार तेज बारिश हो रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के समीप न जाएं तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *