नीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 101 फीट तिरंगे की स्थापना, बना आकर्षण का केंद्र।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विधानसभा सल्ट के विधायक महेश जीना के प्रयासों से ग्राम सभा सबोली रौतेला स्थित पौराणिक श्री नीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर के मोटर मार्ग पर 101 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) स्थापित किया गया है। तिरंगे की स्थापना के बाद यह क्षेत्र श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।
विशेष बात यह है कि यह तिरंगा भिकियासैंण और सल्ट विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर स्थापित किया गया है। दूर से दिखाई देने वाला विशाल तिरंगा क्षेत्र में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित कर रहा है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के गौरव से जोड़कर देखा है।
श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का कहना है कि पौराणिक नीलेश्वर महादेव मंदिर की धार्मिक आस्था के साथ अब यहां लहराता विशाल तिरंगा इस स्थान की पहचान को नई ऊंचाई देगा। लोगों ने विधायक महेश जीना के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक महत्व को भी बढ़ावा मिलेगा।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






