15 जुलाई को होंगे ग्राम पंचायत उप प्रधानों के चुनाव, जिलाधिकारी ने जारी की निर्वाचन प्रक्रिया व समय-सारणी।
अल्मोड़ा। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के समस्त 11 विकासखण्डों की सभी संगठित ग्राम पंचायतों के उप प्रधानों के सामान्य निर्वाचन की समय-सारणी निर्धारित कर दी गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद 11:00 बजे से 12:00 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की जाँच की जाएगी। दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, जबकि 12:30 बजे से 01:00 बजे तक निर्वाचन चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
इसके उपरांत अपराह्न 01:30 बजे से 03:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा अपराह्न 04:00 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि उप प्रधान पद के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने, नाम निर्देशन पत्रों की जाँच, नाम वापसी, निर्वाचन चिन्ह आवंटन, मतदान, मतगणना तथा परिणाम घोषणा की समस्त प्रक्रिया संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायतराज नियमावली, 1994 के नियम 117(1) में दी गई व्यवस्था तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार उप प्रधान के सामान्य निर्वाचन के लिए नियुक्त निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदान के लिए निर्धारित तिथि को संबंधित ग्राम पंचायत में बैठक आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री 08 जुलाई 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। इसके अतिरिक्त 15 जुलाई 2026 को प्रातः 08:00 बजे से 09:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में भी नाम निर्देशन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।



