नगर पंचायत भिकियासैंण की निविदाओं की होगी जाँच, उपजिलाधिकारी ने गठित की तीन सदस्यीय जाँच समिति।
निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर कार्रवाई, दो सप्ताह में मांगी गई जाँच रिपोर्ट।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण में विभिन्न निर्माण कार्यों की निविदाओं एवं विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी भिकियासैंण ने मामले की जाँच के लिए तीन सदस्यीय जाँच समिति का गठन किया है।
जानकारी के अनुसार नगर के ग्राम धूरा, वार्ड संख्या-4 राजाजी वार्ड निवासी नन्दन सिंह बिष्ट ने 04 जून 2026 को नगर पंचायत भिकियासैंण द्वारा समाचार पत्र में प्रकाशित निविदा के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जनता के टैक्स के धन का दुरुपयोग करते हुए विभिन्न निर्माण कार्यों में अनियमितताएं बरती गई हैं। साथ ही आंगनों में अधिक लागत दर्शाने, पूर्व से निर्मित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों की पुनः निविदा जारी करने सहित कुल 12 बिंदुओं पर गंभीर आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
शिकायत के आधार पर उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट ने मामले की निष्पक्ष जाँच के लिए तहसीलदार भिकियासैंण, खण्ड विकास अधिकारी भिकियासैंण तथा सहायक अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग भिकियासैंण को जाँच समिति का सदस्य नामित किया है।
उपजिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार समिति अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत भिकियासैंण का पक्ष सुनने के साथ-साथ शिकायतकर्ता की उपस्थिति में संबंधित स्थलों का निरीक्षण करेगी तथा शिकायत पत्र में उल्लेखित सभी बिंदुओं की बिंदुवार जाँच कर अपनी आख्या दो सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करेगी।
इस संबंध में जारी आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत भिकियासैंण तथा शिकायतकर्ता नन्दन सिंह बिष्ट को आवश्यक कार्यवाही एवं सूचना के लिए प्रेषित कर दी गई है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






