थानाध्यक्ष सल्ट ने ग्राम प्रहरियों के साथ आयोजित की बैठक, नशा तस्करी, साइबर अपराध व कानून व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। थाना सल्ट के थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने थाना क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर उन्हें कानून व्यवस्था, नशा तस्करी की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव एवं जनसुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक का उद्देश्य ग्राम स्तर पर पुलिस एवं जनता के मध्य समन्वय को और अधिक मजबूत बनाते हुए क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम, कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा जनसुरक्षा को सुदृढ़ करना रहा।

बैठक में ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने गाँवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगाह बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, घटना अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को उपलब्ध कराएं। विशेष रुप से नशा तस्करी एवं अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए ग्राम स्तर पर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया। उन्हें बताया गया कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी समय रहते पुलिस को मिलने पर प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रहरियों को किरायेदार सत्यापन एवं गाँवों में बिना सत्यापन रह रहे बाहरी व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए भी जागरुक किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, नशे एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की अपील की।

बैठक के उपरांत थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में सल्ट पुलिस टीम ने क्षेत्र के जनमानस को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

साथ ही लोगों से अपील की गई कि यदि आस-पास कोई व्यक्ति नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त हो तो इसकी सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 पर देकर समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *