आईजी कुमाऊँ निवेदिता कुकरेती ने साझा की पुलिस आधुनिकीकरण, CCTNS व साइबर पोर्टलों की प्रगति रिपोर्ट।

हल्द्वानी (नैनीताल)। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती ने हल्द्वानी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस आधुनिकीकरण, सीसीटीएनएस (CCTNS) एवं विभिन्न साइबर पोर्टलों पर किए जा रहे कार्यों की ऑनलाइन समीक्षा साझा की। उन्होंने 01 जनवरी 2026 से 20 जुलाई 2026 तक की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए डिजिटल पुलिसिंग, साइबर अपराध नियंत्रण और शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।

सीसीटीएनएस पोर्टल पर प्रगति:
आईजी कुमाऊँ ने बताया कि कुमाऊँ परिक्षेत्र में सीसीटीएनएस पोर्टल के माध्यम से कुल 19,619 ऑनलाइन सम्मन प्राप्त हुए, जिनमें से 50 प्रतिशत सम्मनों की तामील सुनिश्चित की गई।

शिकायत निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन:
उन्होंने बताया कि शिकायत निस्तारण में पिथौरागढ़ ने 91 प्रतिशत तथा अल्मोड़ा ने 82.59 प्रतिशत शिकायत निस्तारण दर के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

साइबर अपराध विवेचना में उल्लेखनीय सफलता:
साइबर धोखाधड़ी के मामलों में विवेचना के दौरान ₹58.14 लाख से अधिक की धनराशि पीड़ितों को वापस कराई गई।

उन्होंने बताया कि मात्र एक माह में धनराशि वापसी का प्रतिशत 24.04 प्रतिशत से बढ़कर 40.64 प्रतिशत हो गया। पुलिस द्वारा पीड़ितों के अनुरोधों पर की गई कार्रवाई 220 से बढ़कर 1,084 तक पहुंची। धनराशि वापसी में पिथौरागढ़ ने 70.5 प्रतिशत के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

संदिग्ध लोकेशन, सिम और आईएमईआई पर कार्रवाई:
आईजी ने बताया कि साइबर अपराध में प्रयुक्त 1,268 संदिग्ध लोकेशन चिन्हित की गई। साथ ही 303 सिम कार्ड एवं 320 आईएमईआई (IMEI) ब्लॉक किए गए।

इसके अतिरिक्त 240 संदिग्ध म्यूल अकाउंट का सत्यापन कर वित्तीय धोखाधड़ी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया, जिनमें 32 एफआईआर दर्ज की गई हैं।

e-Zero FIR और Link FIR के माध्यम से त्वरित न्याय:
नागरिकों को थाने आए बिना त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 190 शिकायतों को e-Zero FIR/Link FIR के माध्यम से पंजीकृत किया गया।

अंतर्राज्यीय समन्वय में बेहतर प्रदर्शन:
कुमाऊँ रेंज द्वारा अन्य राज्यों को भेजे गए 8,120 सहायता अनुरोधों में से 79.79 प्रतिशत का सफल निस्तारण किया गया।

वहीं अन्य राज्यों से प्राप्त 2,746 अनुरोधों में से लगभग 97 प्रतिशत (96.94%) का समयबद्ध निस्तारण किया गया, जिसे उन्होंने कुमाऊँ रेंज की साइबर पुलिसिंग एवं अंतर्राज्यीय समन्वय की बड़ी उपलब्धि बताया।

प्राप्त अनुरोधों के निस्तारण में अल्मोड़ा (86.9%) एवं पिथौरागढ़ (84.6%) का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा।

साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई:
उन्होंने बताया कि 172 साइबर अपराधियों की प्रोफाइल राष्ट्रीय पोर्टल पर अपलोड की गई, जिनमें से 78 अभियुक्त अंतर्राज्यीय गिरोहों से जुड़े पाए गए।

Cyber Slavery अभियान:
विदेशों अथवा अन्य स्थानों से लौटे 35 साइबर स्लेवरी पीड़ितों में से 29 का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

बाल ऑनलाइन सुरक्षा:
बाल ऑनलाइन सुरक्षा के तहत प्राप्त 279 शिकायतों में से 220 शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा 14 मामलों में आपत्तिजनक ऑनलाइन सामग्री हटवाई गई।

क्षमता विकास:
कुमाऊँ रेंज के 6,259 पुलिस कार्मिकों (97 प्रतिशत) ने साइबर प्रशिक्षण हेतु पंजीकरण कराया। अब तक 12,170 प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र जारी किए जा चुके हैं।

जन-जागरुकता अभियान:
आईजी ने बताया कि 1,514 विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों तथा 1,349 जागरुकता शिविरों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

इसके अलावा 3,253 सार्वजनिक स्थानों, 8,588 वरिष्ठ नागरिकों तक सीधे पहुंच बनाई गई तथा 7,787 जिला स्तरीय जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उन्होंने बताया कि साइबर जागरुकता से जुड़े सोशल मीडिया अभियानों को लगभग 3.42 करोड़ व्यूज प्राप्त हुए, जो व्यापक जनसहभागिता और प्रभावी साइबर जागरुकता का प्रमाण है।

तकनीक आधारित पुलिसिंग पर दिया जोर:
आईजी कुमाऊँ निवेदिता कुकरेती ने कहा कि डिजिटल पुलिसिंग, त्वरित शिकायत निस्तारण एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण आधुनिक पुलिस व्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया कि सीसीटीएनएस एवं साइबर पोर्टलों पर प्रत्येक शिकायत एवं प्रकरण का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

उन्होंने कुमाऊँ परिक्षेत्र की टीम द्वारा विशेष रुप से CIAR के अंतर्गत अन्य राज्यों से प्राप्त लगभग 97 प्रतिशत अनुरोधों के समयबद्ध निस्तारण को उत्कृष्ट उपलब्धि बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की तथा भविष्य में भी तकनीक आधारित, पारदर्शी एवं जनोन्मुख पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *