डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में सत्रारंभ पर महिला उत्पीड़न निवारण समिति की बैठक आयोजित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रारंभ अवसर पर महिला उत्पीड़न निवारण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना ने की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित एवं महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा परिसर में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना रहा।

इस दौरान समिति की संयोजक डॉ. दीपा लोहनी ने छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा उपायों एवं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं के मोबाइल फोन पर प्रमुख महिला सुरक्षा ऐप्स डाउनलोड कराए तथा महिला हेल्पलाइन नंबर भी नोट कराए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर छात्राएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।

बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना ने कहा कि महाविद्यालय की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि यहां अध्ययन करने वाली प्रत्येक छात्रा स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मविश्वास से परिपूर्ण महसूस करें। उन्होंने छात्राओं से किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच समिति से संपर्क करने की अपील की।

बैठक में समिति सदस्य डॉ. इला बिष्ट, डॉ. इंदिरा सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *