पेड़ गिरने से बाधित हुआ मार्ग, पुलिस, फायर व एसडीआरएफ ने 15 मिनट में पहुंचकर संभाला मोर्चा।

एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने कंट्रोल रुम से संभाली कमान, कुमाऊँ कमिश्नर ने की त्वरित रिस्पॉन्स टाइम की सराहना।

हल्द्वानी (नैनीताल)। 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रुसी बाईपास बल्दियाखान के पास हल्द्वानी रोड पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रुम द्वारा तत्काल संबंधित इकाइयों को अलर्ट किया गया।

एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल ने स्वयं कंट्रोल रुम से पूरे ऑपरेशन की कमान संभालते हुए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया तथा लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग की।

सूचना मिलते ही कोतवाली तल्लीताल पुलिस टीम, फायर सर्विस मल्लीताल तथा एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही फाइटर-मल्लीताल की टीम को भी घटनास्थल भेजा गया तथा आपदा कंट्रोल रुम को सूचना देकर आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया।

महज 15 मिनट के भीतर पुलिस, फायर एवं एसडीआरएफ की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत एवं मार्ग खोलने का कार्य युद्धस्तर पर शुरु कर दिया। टीमों की त्वरित कार्रवाई के चलते लगभग आधे घंटे के भीतर मार्ग को वन-वे यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया।

कोतवाली तल्लीताल मोबाइल द्वारा कंट्रोल रुम को सूचित किया गया कि अवरुद्ध मार्ग को सफलतापूर्वक वन-वे यातायात हेतु खोल दिया गया है, जिससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिली।

इस त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई पर कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने कंट्रोल रुम, कोतवाली तल्लीताल पुलिस एवं फायर सर्विस की बेहतरीन रिस्पॉन्स टाइम और प्रभावी समन्वय की सराहना करते हुए टीमों की कार्यकुशलता की प्रशंसा की।

नैनीताल पुलिस ने कहा कि आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुलिस 24×7 तत्पर है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *