विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को सुदृढ़ एवं त्रुटिरहित बनाने को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित।
अल्मोड़ा। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड प्रकाश चन्द्र दुम्का की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार, अल्मोड़ा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सुनवाई प्रक्रिया की समीक्षा को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद अल्मोड़ा में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने बताया कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम प्रकाशित मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे 13 अगस्त 2026 से पूर्व निर्धारित प्रपत्र ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से अनिवार्य रुप से जमा कर दें। उन्होंने मतदाताओं से सुनवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की भी अपील की, ताकि दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने आवश्यक दस्तावेजों में नाम संबंधी विसंगतियों, स्थायी रुप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम, मतदाता सूची में लिपिकीय त्रुटियों तथा अन्य व्यावहारिक समस्याओं के समाधान को लेकर अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने मतदेय स्थलों पर नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर विसंगतियों के निराकरण में राजनीतिक दलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक में उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










