स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंककर जताया विरोध।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा रानीखेत क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए भतरौंजखान बाजार में सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया तथा चेतावनी दी कि यदि व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन शुरु किया जाएगा।

गुरुवार को आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाल ही में पूर्व ग्राम प्रधान भौनली गणेश गिरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी मृत्यु को क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव का ज्वलंत उदाहरण बताया।

बीडीसी सदस्य दीपक करगेती ने कहा कि जब पूर्व ग्राम प्रधान गणेश गिरी को परिजन उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भतरौंजखान लेकर पहुंचे, तब इमरजेंसी में काफी देर तक कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के सरकारी अस्पताल महज रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं, जबकि भतरौंजखान अस्पताल केवल शोपीस बनकर रह गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों तथा विभिन्न विषयों के प्रवक्ताओं के कई पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद भाजपा सरकार एवं स्थानीय विधायक होर्डिंग्स के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था के दावे कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन किया और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन शुरु किया जाएगा।

इस अवसर पर बीडीसी सदस्य दीपक करगेती, संजय गड़ाकोटी, सुरेश असवाल, मुकुल पंत, अशोक कठायत, ललित सिंह, गोबिंद सिंह, कुबेर सिंह, चंदन सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *