आयुर्वेदिक चिकित्सालय सौला में आयोजित हुआ निःशुल्क वृहद चिकित्सा शिविर।

‘वेदना प्रबंधन’ थीम पर आयोजित शिविर में 147 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण, 06 रोगियों का अग्निकर्म और 42 नेत्र रोगियों की हुई जाँच।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड ताड़ीखेत के आयुर्वेदिक चिकित्सालय आयुष्मान आरोग्य मंदिर सौला में जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी अल्मोड़ा डॉ. मोहम्मद शाहिद के निर्देशन में ‘वेदना प्रबंधन’ थीम पर वृहद आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

चिकित्सा शिविर का उद्घाटन ग्राम प्रधान विमला, दीपक सौलियाल व चिकित्सा अधिकारियों द्वारा संयुक्त रुप से भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

शिविर में सर्वप्रथम योग अनुदेशक विवेक भट्ट द्वारा आए हुए रोगियों के लिए योग सत्र का संचालन किया गया। योग सत्र में जोड़ एवं वेदना से संबंधित योगासनों पर विशेष ध्यान दिया गया।

वृहद आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर में 06 रोगियों का अग्निकर्म किया गया। वहीं 122 रोगियों के ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जाँच की गई। डॉ. जितेंद्र पपनोई द्वारा 34 रोगियों का ईसीजी किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. मुकेश गुप्ता, डॉ. शोभा पपनोई एवं डॉ. शैलेंद्र डागर ने संयुक्त रुप से संधि एवं जोड़ रोग के अतिरिक्त डिस्क एवं न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर के रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

उक्त शिविर में वात, अस्थि, संधि, न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर, स्पाइन एवं मांसपेशियों के रोग से पीड़ित 123 तथा अन्य रोगों के 24 रोगियों सहित कुल 147 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। इसके साथ ही 35 रोगियों की रक्त जाँच भी की गई।

चिकित्सालय में आयोजित वृहद चिकित्सा शिविर में नेत्र रोगों से संबंधित 42 रोगियों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 10 मोतियाबिंद के रोगियों को चिन्हित किया गया।

वेदना प्रबंधन शिविर के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार गुप्ता ने शिविर के बेहतर प्रबंधन एवं मार्गदर्शन के लिए जिला आयुर्वेदिक अधिकारी का धन्यवाद किया।

वहीं शिविर के सफल संचालन में नीलम, फार्मेसी अधिकारी, भूमा उपाध्याय, सुरेश, रजनी एवं आशाओं नीमा, बसन्ती, मीना, प्रभा, गुड्डी तथा ग्राम प्रधान के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

शिविर में पहुंचे रोगियों एवं ग्राम प्रधान ने आयुष विभाग की प्रशंसा करते हुए क्षेत्र में इस प्रकार के चिकित्सा शिविर लगातार आयोजित किए जाने का अनुरोध किया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *